Breaking
Wed. Jul 8th, 2026

प्रेम प्रसंग में ईर्ष्या बनी हत्या की वजह, चुटिया हत्याकांड का खुलासा; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में करीब एक माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवती की मौत के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि यह मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या थी और इसके पीछे प्रेम प्रसंग से उपजी आपसी ईर्ष्या मुख्य कारण थी। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 31 मई 2026 को सूचना मिली थी कि केतारी बगान, घाट रोड स्थित मणि साहु के मकान में किराये पर रहने वाली रानी कुमारी उर्फ पूजा कुमारी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई हैं। उनका शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। इस सूचना के आधार पर चुटिया थाना में यूडी कांड संख्या 15/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत सामान्य नहीं थी। रिपोर्ट में गंभीर चोट लगने तथा गले पर दबाव डालकर दम घोंटने से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने यूडी कांड को हत्या के मामले में परिवर्तित करते हुए 6 जुलाई 2026 को चुटिया थाना कांड संख्या 101/26, धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान, मानवीय साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता उर्फ राहुल कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के दमदम क्षेत्र में रह रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि प्रेम संबंध को लेकर उत्पन्न ईर्ष्या और आपसी विवाद के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस पूरे अभियान में चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक भवेश कुमार, मुकेश कुमार कुशवाहा, जितेंद्र मिश्रा तथा चुटिया थाना के सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post