चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह पर झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। मामले को लेकर झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। वहीं, जिला परिषद सदस्य राज तुबीड ने कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा को आवेदन देकर थाना प्रभारी के स्थानांतरण की मांग की है।
सोनाराम देवगम ने पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में आरोप लगाया कि बुधराम लागुरी के साथ थाना प्रभारी का व्यवहार आपत्तिजनक और निंदनीय था। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने राज्य निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। ऐसे में किसी आंदोलनकारी के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इधर, जिला परिषद सदस्य राज तुबीड ने मंत्री दीपक बिरुवा को सौंपे आवेदन में थाना प्रभारी पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बेरोजगार युवाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार तथा जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाना प्रभारी पर स्थानीय लोगों को अवैध उत्खनन के लिए प्रेरित करने का भी आरोप लगाया। तुबीड ने धनंजय सिंह को टोंटो से हटाकर पूर्व थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम को पुनः पदस्थापित करने की मांग की है।
हालांकि, पुलिस ने लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। प्रशिक्षु डीएसपी सह झींकपानी थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में मामले के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस टीम ने कहा कि घटना के संबंध में लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। अमित कुमार के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस सत्यापन के लिए पहुंची थी और उस दौरान बुधराम लागुरी से भी मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई और आरोप लगाए जाने का कारण समझ से परे है। मामले को लेकर अब दोनों पक्षों के दावों के बीच निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

