Breaking
Sat. Nov 7th, 2026

नवंबर के अंतिम सप्ताह में जमशेदपुर आएंगे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, एनक्यूएएस केंद्रों के कर्मियों का करेंगे सम्मान

जमशेदपुर। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणपत्र हासिल करने वाले रामजन्म नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बालीगुमा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के चिकित्सकों व कर्मचारियों को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सम्मानित करेंगे। मंत्री ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए नवंबर के अंतिम सप्ताह में शहर आने की सहमति दी है।

सरयू राय ने शनिवार को रामजन्म नगर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर एनक्यूएएस उपलब्धि के लिए चिकित्सकों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों केंद्रों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्धारित 12 मानकों को पूरा कर यह प्रमाणपत्र हासिल किया है। उन्होंने इसे जमशेदपुर और राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी ने चहारदीवारी निर्माण और प्रसव विभाग शुरू करने की मांग रखी। विधायक ने दोनों कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से बातचीत की। उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग अथवा विधायक निधि से कार्य कराने का भरोसा दिया।

सरयू राय ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काम करने वाले कर्मचारियों का सम्मान उन्हें प्रोत्साहित करेगा। स्वास्थ्य मंत्री के साथ बातचीत में उनके बयानों को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने भविष्य में सार्वजनिक बयान देते समय अधिक संयम बरतने की बात कही।

Related Post