Breaking
Sat. Nov 7th, 2026

टाटा स्टील का भारत में मुनाफा 20 फीसदी बढ़ा, दूसरी तिमाही में 5,055 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

जमशेदपुर। टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम जारी करते हुए मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में कंपनी का भारत में कर पश्चात लाभ यानी पीएटी सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी बढ़कर 5,055 करोड़ रुपये पहुंच गया। भारत में कंपनी का राजस्व भी करीब 23 फीसदी बढ़कर 42,653 करोड़ रुपये रहा। भारत कारोबार का EBITDA 10,634 करोड़ रुपये रहा, जो करीब 25 फीसदी का मार्जिन दर्शाता है।

तिमाही के दौरान भारत में कच्चे इस्पात का उत्पादन पिछली तिमाही की तुलना में 7 फीसदी बढ़कर 61.8 लाख टन हो गया। डिलीवरी में भी 16 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 59.8 लाख टन रही। कंपनी के मुताबिक मजबूत ग्राहक संपर्क और बेहतर आपूर्ति शृंखला के कारण चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों के बावजूद कारोबार में मजबूती बनी रही।

टाटा स्टील का समेकित राजस्व दूसरी तिमाही में 65,436 करोड़ रुपये रहा, जबकि समेकित EBITDA 10,665 करोड़ रुपये रहा। EBITDA में पिछली तिमाही की तुलना में 14 फीसदी और पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 17 फीसदी की वृद्धि हुई। भारत कारोबार कंपनी के प्रदर्शन का प्रमुख आधार बना रहा।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि तिमाही के दौरान डिलीवरी और आय में मजबूत वृद्धि हुई है। भारत में वॉल्यूम 16 फीसदी बढ़ा। ऑटोमोटिव एवं स्पेशल प्रोडक्ट्स कारोबार ने दूसरी तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए करीब 11 लाख टन की बिक्री दर्ज की। हाई-एंड उत्पादों की बिक्री में 26 फीसदी की वृद्धि हुई। टाटा टिस्कॉन की पिछले 12 महीनों की बिक्री करीब 27 लाख टन रही, जिससे लगभग 1.8 अरब डॉलर का राजस्व प्राप्त हुआ।

कंपनी के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म आशियाना और DigECA का सकल व्यापारिक मूल्य करीब 2,961 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 50 फीसदी अधिक है। डाउनस्ट्रीम कारोबार के साथ टाटा स्टील कलर्स और टिनप्लेट की बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी ने जहाज निर्माण, डेटा सेंटर और कंटेनर जैसे उभरते क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई है।

टाटा स्टील के 4.8 एमटीपीए क्षमता विस्तार वाले नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड परियोजना में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा 0.7 एमटीपीए क्षमता वाली हॉट रोल्ड पिकलिंग एंड गैल्वनाइजिंग लाइन और 3 लाख टन क्षमता वाले टिनप्लेट विस्तार परियोजना पर भी काम जारी है।

यूरोप में नीदरलैंड कारोबार का राजस्व 1,395 मिलियन यूरो और EBITDA 72 मिलियन यूरो रहा। डायरेक्ट शीट प्लांट के अगस्त की शुरुआत में दोबारा चालू होने से प्रदर्शन को मजबूती मिली। वहीं ब्रिटेन में राजस्व 411 मिलियन पाउंड रहा और डिलीवरी 0.38 मिलियन टन रही। ब्रिटेन में कमजोर मांग और ऊंचे इन्वेंटरी स्तर का असर कारोबार पर पड़ा है।

वित्त वर्ष की पहली छमाही में टाटा स्टील का समेकित राजस्व 1,26,231 करोड़ रुपये और EBITDA 20,035 करोड़ रुपये रहा। EBITDA में सालाना आधार पर 21 फीसदी की वृद्धि हुई। भारत में छह महीने का राजस्व 79,641 करोड़ रुपये और EBITDA 20,541 करोड़ रुपये रहा, जो 26 फीसदी EBITDA मार्जिन के बराबर है। नीदरलैंड का EBITDA 76 मिलियन यूरो रहा, जबकि ब्रिटेन में EBITDA घाटा सालाना आधार पर 22 फीसदी घटकर 83 मिलियन पाउंड रह गया।

कंपनी ने दूसरी तिमाही में करीब 3,280 करोड़ रुपये और पहली छमाही में 6,860 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया। कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी कौशिक चटर्जी ने कहा कि लागत नियंत्रण और परिचालन सुधारों पर लगातार काम किया जा रहा है। पहली छमाही में करीब 1,793 करोड़ रुपये की बचत हुई है और पूरे वित्त वर्ष में 7,140 करोड़ रुपये की बचत के लक्ष्य की दिशा में कंपनी आगे बढ़ रही है।

30 सितंबर 2026 तक कंपनी का शुद्ध कर्ज 91,423 करोड़ रुपये रहा और शुद्ध कर्ज-EBITDA अनुपात 2.4 गुना रहा। समूह की कुल तरलता 40,076 करोड़ रुपये है, जिसमें करीब 10,300 करोड़ रुपये नकद एवं नकद समकक्ष शामिल हैं। कंपनी ने तिमाही के दौरान 4,989 करोड़ रुपये का लाभांश भुगतान भी किया।

Related Post