जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के रघुवर मार्केट में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा बर्तन, अंडा और अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गया। प्रभावित दुकानदारों ने करीब 10 से 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया है।
बताया गया कि मार्केट परिसर में लंबे समय से जमा कचरे के ढेर में अचानक आग लगी। कचरे के बीच पड़े पुराने टायर ने आग की लपटों को और भड़का दिया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलते हुए आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर मार्केट में मौजूद लोगों और दुकानदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं।
घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों ने नुकसान का आकलन शुरू किया। दुकानदारों का कहना है कि आग लगने से दुकान में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना ने मार्केट में सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि यदि आग रात के समय लगी होती तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था और आग पूरे बाजार में फैलने का खतरा था।

