चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहपोखरिया गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पिता ने अपने इकलौते पुत्र की डंडे से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महती गोप और उसके पुत्र माटूल गोप के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि दोनों के बीच कहासुनी के दौरान गुस्से में महती गोप ने पास में रखा डंडा उठाकर माटूल गोप के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना गांव के मुंडा ने तत्काल दूरभाष के माध्यम से मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महती गोप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या के कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, माटूल गोप नियमित रूप से हड़िया और अन्य नशीले पेय का सेवन करता था। नशे की हालत में वह अक्सर घर लौटकर परिजनों के साथ विवाद करता था। परिजन और उसके पिता उसे कई बार समझाने का प्रयास करते थे, लेकिन गुरुवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया और पिता के हाथों पुत्र की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

