Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ EYA Foundation का 12वां रक्तदान शिविर, 270 यूनिट रक्त संग्रह

जमशेदपुर: युवाओं में तेज और असुरक्षित ड्राइविंग के बढ़ते चलन तथा सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से EYA Foundation Jamshedpur की ओर से बुधवार को बिष्टुपुर स्थित क्लब हाउस, क्यू रोड में 12वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 270 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

रक्तदान शिविर में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू चौधरी), ऑफिस बेयरर्स संजीव तिवारी, नितेश राज, अजय चौधरी, अमोद दुबे और राजीव चौधरी के अलावा डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह मौजूद रहे। टाटा वर्कर्स यूनियन के अन्य पदाधिकारी, सब-कमेटी मेंबर्स और विभागीय कमेटी मेंबर्स ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडे, राष्ट्रीय इंटक के प्रदेश सचिव राकेश्वर पांडे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता कुणाल सारंगी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र सोनकर, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, उप जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह तथा आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश

शिविर में रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने युवाओं से अपील की कि वाहन चलाते समय गति से अधिक सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पालन करें।

रक्तदाताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक रक्तदाता को सेफ्टी हेलमेट भी प्रदान किया गया। EYA Foundation की इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के जरिए किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने के साथ सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार के प्रति युवाओं को जागरूक करना रहा।

270 यूनिट रक्त संग्रह सामूहिक प्रयास का परिणाम : दीपक मिश्रा

EYA Foundation के निदेशक दीपक मिश्रा ने कहा कि शिविर में 270 यूनिट रक्त का संग्रह होना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि रक्तदाताओं, सहयोगियों, अतिथियों, चिकित्सा टीम और EYA Foundation की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देने का प्रयास किया गया है, ताकि युवा खुद भी सुरक्षित रहें और सड़क पर दूसरों के जीवन की भी रक्षा कर सकें।

दीपक मिश्रा ने रक्तदाताओं, अतिथियों, टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों, चिकित्सा टीम तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि EYA Foundation आगे भी रक्तदान के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार काम करता रहेगा।

आयोजन में EYA Foundation की टीम का योगदान

शिविर को सफल बनाने में EYA Foundation के राहुल सिंह, अनुराग सिंह, अमित पांडे, अमन, मनमोहन, आकाश, जीतू, सुमित, उदित, अप्रोज, अनुराग तिवारी, सोनू पुष्टि, सतीश, अभिषेक झा, मोंटी महतो, आदित्य और भारती का विशेष योगदान रहा।

संस्था की ओर से सभी सदस्यों के प्रयास, समर्पण और सहयोग के लिए आभार जताया गया। ‘सेवा, समर्पण, संकल्प’ की भावना के साथ आयोजित इस रक्तदान शिविर के जरिए रक्तदान और सड़क सुरक्षा, दोनों सामाजिक सरोकारों को एक साथ लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Related Post