जमशेदपुर: त्योहारों के मौसम में शहरवासियों को डांडिया और गरबा की उमंग में रंगने के लिए रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की ओर से दो दिवसीय डांडिया उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 17 और 18 अक्टूबर को साकची स्थित बोधी मैदान में होगा। आयोजन में डांडिया और गरबा के साथ संगीत, नृत्य, प्रतियोगिताओं और खान-पान का भी आकर्षण रहेगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण भोजपुरी अभिनेत्री आस्था सिंह होंगी। वह 18 अक्टूबर को डांडिया उत्सव के दूसरे दिन बतौर सेलिब्रिटी आर्टिस्ट कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान दर्शकों को उनके लाइव परफॉर्मेंस का आनंद लेने का मौका मिलेगा। वहीं, 17 अक्टूबर को डांडिया उत्सव के साथ विशेष डांडिया आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, इस बार कार्यक्रम में पारंपरिक गुजराती गीतों के साथ फ्यूजन संगीत की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। डांडिया प्रेमियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ड्रेस (मेल और फीमेल) तथा बेस्ट कपल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
उत्सव में खान-पान के लिए विभिन्न फूड स्टॉल के साथ पारंपरिक कलाकृतियों और अन्य उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि परिवार के साथ आने वाले लोग भी सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में डांडिया और गरबा का आनंद ले सकें।
रिफ्लेक्शन नेटवर्क के आयोजकों ने बताया कि शहरवासियों को त्योहार के माहौल में मनोरंजन और पारिवारिक सहभागिता का बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से इस आयोजन की तैयारी की गई है। आस्था सिंह की मौजूदगी से कार्यक्रम को विशेष आकर्षण मिलने की उम्मीद है। आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
दो दिवसीय डांडिया उत्सव के लिए पास और बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

