चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सीमावर्ती क्षेत्र से लगे ओडिशा के क्योंझर जिले में वैतरणी नदी पर निर्माणाधीन कानपुर सिंचाई परियोजना का अस्थायी कच्चा मिट्टी का बांध (कॉफर डैम) भारी बारिश के कारण टूट गया है। लगातार हो रही चक्रवातीय बारिश से डैम में जलस्तर बढ़ने के बाद कॉफर डैम दबाव नहीं झेल सका और क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि स्पिलवे निर्माण कार्य के लिए बनाए गए इस अस्थायी मिट्टी के ढांचे के टूटने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए डैम के सभी छह गेट खोल दिए गए हैं। इसके कारण वैतरणी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है और नदी उफान पर बह रही है। इससे नदी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
वैतरणी नदी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक नदी का जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति नदी में प्रवेश न करे और न ही नदी पार करने का प्रयास करे।
कानपुर सिंचाई परियोजना के मुख्य निर्माण अभियंता ने इस संबंध में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र भेजकर स्थिति की जानकारी दी है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि प्रशासन अपने अधिकारियों के माध्यम से वैतरणी नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को तत्काल सतर्क करे, ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने, बच्चों को नदी के पास नहीं जाने देने तथा जलस्तर सामान्य होने तक प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

