Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, 10 दिनों में तैयारियां पूरी करने का निर्देश

जमशेदपुर। शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में बैठक की। समिति के महासचिव ललन यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यक तैयारियों को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

बैठक में पूजा समितियों को अनुज्ञप्ति जारी करने, विसर्जन घाटों की साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, विसर्जन मार्गों की मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ट्रैफिक नियंत्रण समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा शहर में जलजमाव की समस्या से निपटने, पूजा के दौरान पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर भी समिति ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने पूजा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी चिन्हित कार्यों को 10 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी। सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम करने पर भी जोर दिया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस बार दुर्गा पूजा के आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय कर तैयारियां की जाएंगी। बैठक में उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता, सौरभ विष्णु, बलदेव सिंह मेहरा, पवन कुमार उपाध्याय, हर्ष यादव, वीरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, सचिव अशोक कुमार, डी. बोस, संयुक्त सचिव विनीत मिश्रा, डॉ. श्याम शर्मा और तापस चटर्जी समेत समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Related Post