Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर स्टेशन पर तीन शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, दो चोरी के मोबाइल बरामद

जमशेदपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने ट्रेन में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से यात्रियों के चोरी हुए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर बुधवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा-हटिया क्रिया योग एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर उतरकर तेजी से भागते दिखाई दिए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए आरपीएफ की टीम ने तत्काल स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दोनों की पहचान कर तलाश शुरू की।

कुछ देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर घूमते हुए दिखाई दिए। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान समीर मुखी (20 वर्ष), सावन मुंडा (17 वर्ष) तथा शेखर सिंह उर्फ पाजी (20 वर्ष), सभी निवासी सोपोडेरा, थाना परसुडीह, के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने की। तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड, अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता तथा संभावित गिरोह से संबंधों की भी जांच कर रही है।

Related Post