पलामू। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष रोड सेफ्टी एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाम सात बजे से रात दस बजे तक करीब तीन घंटे चले अभियान के दौरान जिले में 15 स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई।
अभियान का नेतृत्व संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों ने किया। प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों ने वाहनों को रोककर कागजात, हेलमेट समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। अभियान में जिले के संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
चियांकी क्षेत्र और चैनपुर में सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में वाहन एवं एंटी क्राइम चेकिंग की गई। हरिहरगंज टोल प्लाजा के समीप छतरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में वाहनों की जांच हुई। पड़वा से रेहला के बीच प्रमुख मार्ग पर विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया गया। वहीं लेस्लीगंज और पांकी क्षेत्र में भी लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान बड़ी संख्या में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को पकड़ा गया। पुलिस ने उन्हें यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी। चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया।
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस टीमों ने अपराध की रोकथाम को लेकर संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती। पलामू पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

