Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

विदेशी शराब दुकानों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में विदेशी शराब दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सीनी मोड़ स्थित शराब दुकान में चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम के बागबेड़ा थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय बादल समासी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चोरी की शराब समेत वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है।

पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2026 की रात सीनी मोड़ स्थित अनुज्ञप्तिप्राप्त विदेशी शराब दुकान का वेंटिलेटर काटकर अज्ञात अपराधियों ने शराब की बोतलें चोरी कर ली थीं। मामले को लेकर सीनी ओपी में कांड संख्या 86/2026 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम में सीनी ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हरे कृष्ण महतो, सहायक अवर निरीक्षक सुगदा हांसदा तथा सीनी ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग के आधार पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधी नगर, छोटा शिव मंदिर के समीप रहने वाले बादल समासी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने सीनी की शराब दुकान में चोरी के अलावा 14 सितंबर को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शेरे पंजाब चौक स्थित डीएस टावर की विदेशी शराब दुकान में भी चोरी करने की बात स्वीकार की। इस मामले में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 250/2026 दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक बाइक, ‘गोल्फर शॉट’ व्हिस्की की 10 बोतलें तथा वेंटिलेटर और टीन काटने में इस्तेमाल बोल्ट कटर, प्लास और पेचकस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बादल समासी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट और चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका और जिले से बाहर हुई इसी तरह की अन्य चोरी की घटनाओं से उसके संबंधों की जांच कर रही है।

Related Post