Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

जेआरडी टाटा एंगलिंग प्रतियोगिता में हरु मोदी बने विजेता, 15.200 किलोग्राम की मछली पकड़कर जीता प्रथम पुरस्कार

जमशेदपुर। जेआरडी टाटा एंगलिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए एंगलरों (मत्स्य प्रेमियों) ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाउन सर्विस के महाप्रबंधक आर.के. सिंह, सीडीएम अर्जुन बिधुत तथा सीडीएम जय पुष्पित पल्लव उपस्थित रहे। तीनों अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खेल भावना के साथ-साथ प्रकृति एवं जल संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

प्रतियोगिता में हरु मोदी ने 15.200 किलोग्राम वजन की मछली पकड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 51 हजार रुपये की नकद राशि, आकर्षक ट्रॉफी तथा प्रतियोगिता में सबसे पहली मछली पकड़ने पर विशेष रूप से एक हजार रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

द्वितीय स्थान पर सुबीर करकार रहे, जिन्होंने 5.115 किलोग्राम वजन की मछली पकड़कर 31 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्राप्त की। तृतीय स्थान बिशु पांजा को मिला। उन्होंने 3.020 किलोग्राम की मछली पकड़कर 21 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी अपने नाम की।

चौथे स्थान पर एम.डी. जुनैद रहे, जिन्होंने 2.915 किलोग्राम वजन की मछली पकड़ने पर 15 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी हासिल की। वहीं अब्दुल आलम ने 2.665 किलोग्राम वजन की मछली पकड़कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। उन्हें 11 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, मुख्य अतिथियों, सहयोगियों एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन यादगार और सफल रहा।

Related Post