Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

केएसएमएस में यूनिवर्सिटी कनेक्ट कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मिली उच्च शिक्षा और करियर की नई दिशा

जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) में बुधवार को स्टूडेंट आउटरीच के सहयोग से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज गाइडेंस एवं प्रोफाइल बिल्डिंग सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, करियर की संभावनाओं और बेहतर शैक्षणिक योजना के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत करियर गाइडेंस क्लब की मॉडरेटर सरबजीत कौर के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर से जुड़े निर्णय सोच-समझकर लेने और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर देश की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के साथ-साथ भारत स्थित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय परिसरों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और उच्च शिक्षा के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में एलायंस यूनिवर्सिटी, एंग्लो-ईस्टर्न मैरीटाइम एकेडमी, अपोलो यूनिवर्सिटी, अशोका यूनिवर्सिटी, बेनेट यूनिवर्सिटी, फ्लेम यूनिवर्सिटी, मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन, सिक्किम मणिपाल यूनिवर्सिटी, सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी, वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी), व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन, येनेपोया यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क मुंबई कैंपस, यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल मुंबई कैंपस, यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल बेंगलुरु कैंपस, इलिनॉय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मुंबई कैंपस, यूनिवर्सिटी ऑफ एबरडीन मुंबई कैंपस और विक्टोरिया यूनिवर्सिटी दिल्ली-एनसीआर कैंपस के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन स्कूल की प्राचार्य एवं करियर काउंसिलिंग सेल की प्रमुख रीना बनर्जी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य ए.एल. अब्राहम, प्रधानाध्यापिका सुजाता सिंह तथा रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश भी मौजूद रहीं और कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना सहयोग दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्टूडेंट आउटरीच के संस्थापक निदेशक अजय शर्मा का प्रोफाइल बिल्डिंग सेशन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि आज के समय में कई विश्वविद्यालय केवल अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की समग्र प्रोफाइल, रुचियों, नेतृत्व क्षमता, कौशल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी महत्व देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों की पहचान करने, नए कौशल विकसित करने, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्कूल स्तर से ही अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास की स्पष्ट योजना बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे तथा विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

स्कूल प्रबंधन ने स्टूडेंट आउटरीच और सभी सहभागी विश्वविद्यालयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों को समझने, अपने लक्ष्य स्पष्ट करने और भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Related Post