Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

आकाशदीप प्लाजा सड़क हादसे में मृत युवक की हुई पहचान, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

जमशेदपुर। आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार की पहचान हो गई है। मृतक 45 वर्षीय सुनील कुमार मोदक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को उनके परिजन सिदगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को तत्काल जब्त नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई।

परिजनों के अनुसार सुनील कुमार मोदक पिछले करीब एक वर्ष से जमशेदपुर में रहकर काम कर रहे थे। वह क्लासिक प्रोडक्ट लिमिटेड कॉम्बो मिल में कार्यरत थे। बताया गया कि यह कंपनी टाटा की वेंडर कंपनियों में शामिल है। सुनील शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

बताया जाता है कि सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुनील बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आकाशदीप प्लाजा के पास वह एक ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। तभी वह ट्रेलर की चपेट में आ गए और ट्रेलर का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद एक अन्य चालक वाहन को वहां से लेकर चला गया। परिवार का कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को तत्काल जब्त नहीं किया गया। उनका मानना है कि वाहन को घटनास्थल से ही जब्त कर लिया जाता तो मामले की जांच में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती थी।

थाना पहुंचे परिजनों ने पुलिस से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सुनील हेलमेट पहने हुए थे और वह ट्रैफिक पुलिस से बचने के लिए भाग नहीं रहे थे। परिजनों का दावा है कि पीछे से वाहन की टक्कर लगने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए जल्द से जल्द दोषी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

Related Post