जमशेदपुर। JPSC-JSSC मामले की निष्पक्ष CBI जांच और छात्रों के साथ न्याय की मांग को लेकर आहूत झारखंड बंद का गोलमुरी बाजार में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाजार में जनसंपर्क अभियान चलाया और दुकानदारों एवं व्यवसायियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।
मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने बाजार के दुकानदारों और व्यापारियों से छात्रों के समर्थन में बंद को सफल बनाने की अपील की। भाजपा नेताओं के आग्रह पर बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद का समर्थन किया।
इस दौरान दिनेश कुमार ने कहा कि झारखंड के युवा अपने भविष्य और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। JPSC-JSSC से जुड़े मामलों में छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बंद छात्रों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का लोकतांत्रिक माध्यम है।
उन्होंने JPSC-JSSC मामले की निष्पक्ष CBI जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच के जरिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने गोलमुरी के व्यापारियों के सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन छात्रों के संघर्ष के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
दिनेश कुमार ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती। सरकार को दमन के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के माध्यम से होना चाहिए।
अभियान के दौरान हलधर नारायण साह, बंटी अग्रवाल, हरेराम यादव, बी. श्रीनिवास राव, लक्ष्मण बेहरा, सुरेन्द्र सिंह शिंदे, पंकज शर्मा, सन्नी सिंह चौहान, भरत बेहरा, संदीप आइच, कमल गुप्ता, मोहम्मद फैयाज, नौशाद खान, मोहम्मद बाबला, खतीब खान टिंकू, बच्चबाबू शर्मा, राजेश कुमार, नवीन तिवारी, जयदीप मुखर्जी, रणजीत शर्मा, ऋषभ सिंह, नरेंद्र सिंह, दीपक मुखर्जी, रविनाथ घोष सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

