Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

*JTET परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने का है इंतजाम, अंजुमन इस्लामिया ने उर्दू लाइब्रेरी में की निःशुल्क व्यवस्था* *बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी में मिलेगी रहने की सुविधा, सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने अभ्यर्थियों से इसका लाभ उठाने कि अपील की*

चाईबासा: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में शामिल होने के लिए चाईबासा आने वाले छात्र-छात्राओं की सहूलियत के मद्देनजर अंजुमन इस्लामिया चाईबासा की ओर से निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है। 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी में रहने का इंतजाम किया गया है।

इस संबंध में अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं चाईबासा पहुंच रहे हैं। ऐसे में कई अभ्यर्थियों को रात में ठहरने की परेशानी हो सकती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से उर्दू लाइब्रेरी में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और तालीम को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा देने आने वाले छात्र-छात्राएं हमारे समाज और देश का मुस्तकबिल हैं। उनके लिए सहूलियत पैदा करना एक सामाजिक और इंसानी फर्ज है। किसी भी जरूरतमंद अभ्यर्थी को केवल रहने की व्यवस्था नहीं होने के कारण परीक्षा में शामिल होने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

फैयाज खान ने कहा कि अंजुमन इस्लामिया हमेशा सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए प्रयासरत रही है। संस्था का उद्देश्य है कि अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी और फिक्र के अपनी परीक्षा दे सकें।

ठहरने की व्यवस्था का लाभ लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं मोबाइल नंबर *6205660877* पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Post