चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान की अभियान को झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) का सहयोग मिला है। जेसोवा ने जिले में पुस्तकालयों के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए 15 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है।
राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जेसोवा दीपावली मेला-2026 के दौरान यह राशि जिला प्रशासन को सौंपी गई। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार की मौजूदगी में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन को 15 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। जिला प्रशासन की ओर से नजारत उप समाहर्ता कुमार हर्ष ने चेक ग्रहण किया।
इस राशि का उपयोग जिले के पुस्तकालयों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण तैयार करने में किया जाएगा। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित पुस्तकालयों को मजबूत बनाने पर प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न विषयों की पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री और सामान्य ज्ञान से जुड़ी किताबें उपलब्ध कराना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने ही इलाके में पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान की अभियान के तहत पुस्तकालयों का विकास शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता, ज्ञान और कौशल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने इस शैक्षणिक पहल में सहयोग के लिए जेसोवा के प्रति आभार जताया है।

