Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

*वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपाइयों ने उनके जीवन और योगदान को किया याद, नेताओं ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प*

चाईबासा: लौह पुरुष और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी चाईबासा नगर की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार के नेतृत्व में पुरानी डीसी ऑफिस के सामने स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।

मौके पर नगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है और देश हित में कार्य करने वाले चाहे वह राजनीतिक के किसी भी पार्टी के क्यों ना हो किसी भी समुदाय किसी भी जाति के क्यों ना हो भाजपा उनका सम्मान करती है उन्होंने आगे कहा कि हम युवाओं को उनसे सीख लेनी चाहिए, जो उनमें जो कार्य क्षमता थी, वो अतुलनीय थी। खासकर देश को अखंड भारत बनाने वाली बात को हम भूल नहीं सकते हैं।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। आजादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग रियासतों को एकजुट कर मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना था। पटेल ने अपनी राजनीतिक सूझबूझ, दूरदर्शिता और मजबूत इच्छाशक्ति से सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि आज के दौर में भी सरदार पटेल के विचारों की प्रासंगिकता बनी हुई है। समाज में जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर होने वाले मतभेदों से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता देने की जरूरत है। देश की एकता और अखंडता केवल नारों से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी से मजबूत होगी। युवाओं को पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

पूर्व मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति से भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन संघर्ष, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की मिसाल है। वर्तमान समय में उनके विचारों को अपनाना और समाज में एकता बनाए रखना आवश्यक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व और कृतित्व युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जे.बी. तुबिद, भूषण पाट पिंगुआ, रंजन प्रसाद, चंद्र मोहन तिऊ, रमेश खिरवाल, कुंज बिहारी खंडईत, शैलेश प्रसाद बंटी, राकेश शर्मा बबलू, मनीष राम, जयपाल कुंकल, हेमंत केसरी, राजश्री बांनरा, प्रताप कटिहार महतो, बाबूराम लागूरी, रोहित दास, मणिकांत पोद्दार, दिलीप साहू, संजय अखाड़ा, पंकज खिरवाल, जय किशन बिरूली, रानी कर, रानी बादिया, पंकज सिंह, विप्लव सिंह, नारायण पाड़िया, हर्ष रवानी, पंकज टोप्पो, सुखलाल कुंकल, सुखमति बिरुवा, सुबोध प्रसाद, अनूप प्रसाद, श्यामल दास और दुर्योधन पान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Post