जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.865 किलोग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा सफेद रंग की बोलेरो भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डुमरिया थाना क्षेत्र के तुरीगोड़ा निवासी 33 वर्षीय माधव कर्मकार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की शाम करीब 8.30 बजे जमशेदपुर एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक जाने वाली सड़क के आसपास सफेद रंग की बोलेरो में गांजा लेकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर ललित मीणा की निगरानी और पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद गोविंदपुर थाना क्षेत्र में अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा जाने वाली सड़क के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बोलेरो संख्या जेएच 05 जे 7070 को रोका। वाहन में सवार माधव कर्मकार को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बोलेरो को जब्त कर लिया।
मंगलवार को सीटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में गांजा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूछताछ के दौरान माधव कर्मकार ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा के क्योंझर से गांजा लेकर जमशेदपुर आता था। यहां वह गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर शहर और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर बेचता था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा की आपूर्ति करने वाले लोगों और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पिछले कितने समय से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था और उसके जरिए किन-किन इलाकों में गांजा की आपूर्ति की जा रही थी। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

