जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन झपटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को टेल्को घड़ी पार्क के समीप स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान देर रात हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास वाहन जांच की जा रही थी। इसी बीच स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गोविंदपुर के गरूड़बासा निवासी 25 वर्षीय विक्रम हो के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो हिस्सों में टूटी हुई पीले धातु की चेन, जो सोने की प्रतीत होती है, तथा घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक (जेएच-05 डीसी-1914) बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह इलाके से चोरी की गई थी।
पुलिस पूछताछ में विक्रम हो ने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर महिला से चेन छीनने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

