चाईबासा : शारदीय दुर्गा पूजा के मुबारक मौके पर अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने तमाम सनातन हिंदू धर्म को मानने वाले भाइयों और बहनों को दिली मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई की फतह की अलामत है। यह त्योहार हमें सच्चाई, इंसानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का पैगाम देता है।
फैयाज खान ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया था। इससे हमें सबक मिलता है कि समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए सभी लोगों को मिल-जुलकर कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम मां दुर्गा के संदेश से प्रेरणा लेकर गलत रास्ते पर चलने वाले लोगों को मोहब्बत, समझदारी और अच्छे बर्ताव के जरिए समाज की मुख्यधारा से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और मुल्क की तरक्की के लिए अमन-ओ-अमान, आपसी इत्तेहाद और भाईचारा बेहद जरूरी है। जब समाज के तमाम लोग एक-दूसरे के मजहब और जज्बात का एहतराम करेंगे और मिल-जुलकर रहेंगे, तभी हमारा समाज और मुल्क मजबूत बनेगा।
अंजुमन इस्लामिया के सचिव ने कहा कि चाईबासा में हमेशा से तमाम मजहबों के लोग आपसी मोहब्बत और भाईचारे के साथ रहते आए हैं। हमें एक-दूसरे के त्योहारों का एहतराम करना चाहिए। यही हमारी गंगा-जमुनी तहजीब और साझा संस्कृति की खूबसूरती है।
उन्होंने तमाम लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा का त्योहार अमन, सुकून और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। किसी की मजहबी भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं और समाज में नफरत के बजाय मोहब्बत को बढ़ावा दें।
आखिर में फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने तमाम लोगों के लिए अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ करते हुए दुर्गा पूजा की मुबारकबाद पेश की।

