चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए गए सेवा संकल्प अभियान का शनिवार को समापन हुआ। इस अवसर पर मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत खंडखोरी पंचायत के उसामबीर फुटबॉल मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। मौके पर पूर्व मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और विकास कार्यों की चर्चा की।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिनकी चर्चा देश और दुनिया में होती है। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने अपनी कार्यशैली और कूटनीति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान मजबूत की है। उन्होंने कहा कि देश की सैन्य शक्ति को मजबूत करने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान देने की दिशा में प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण काम किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास का मंत्र देश को एकजुट करने का काम कर रहा है। राष्ट्रपति के रूप में एक महिला को देश का प्रथम नागरिक बनाने और अनुसूचित जाति से आने वाले बृज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच समाज के सभी वर्गों को सम्मान देने की है।
पूर्व मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एक महीने तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्वास्थ्य शिविर, सेवा ज्योति यात्रा और सेविका, सहिया एवं सहायिकाओं को सम्मानित करने जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाना और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना था।
*ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं*
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री के समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। इन समस्याओं के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।
इस पर पूर्व मंत्री ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में भाजपा नेता रायभूमीज, संजय बारीक, कुमारडुंगी भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पिंगुवा, बाबलु दास, मझगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष पितांबर राउत, मंझारी भाजपा मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गोप, तांतनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश सवैया, विनय दास, धनश्याम सेसा, लक्ष्मण पिंगुवा, दीपक पोद्दार, जागदीश नायक, संजय बागे, ग्रामीण मुंडा बारजो और डाकुवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

