चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2026-27 के तहत शनिवार को बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने फ्रेंड्स कोल्ट्स चाईबासा को 68 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ चाईबासा क्रिकेट क्लब ने पूरे चार अंक हासिल किए। टीम की जीत में राहुल राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 69 रन बनाए और गेंदबाजी में भी तीन विकेट लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल राज ने छह चौके और चार छक्कों की मदद से 69 रनों की पारी खेली। आर्यन सिंह ने तीन चौके और एक छक्के की सहायता से नाबाद 37 रन बनाए। अभिनव सिंह ने 27, रोहित बरजो ने 16, विकेटकीपर बल्लेबाज मनु राज ने 15 और पियुष कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया।
फ्रेंड्स कोल्ट्स की ओर से राकेश गागराई ने 28 रन देकर चार विकेट लिए। अतुल यादव को 45 रन देकर तीन विकेट मिले, जबकि गाजी अली ने दो विकेट हासिल किए।
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स कोल्ट्स की टीम 25 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से तंजील नोमान ने 22, गौरव कुमार ने 18, भूपेंद बालमुचू ने 15, गगन विक्रांत टोपनो ने 14 और यश राज ने 12 रन बनाए।
चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से राहुल राज ने 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। तेज गेंदबाज अमित राज सिंहदेव ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि दाएं हाथ के लेग ब्रेक गेंदबाज पियुष त्यागी को दो विकेट मिले।
इस जीत के बाद चाईबासा क्रिकेट क्लब अपने ग्रुप में चार अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ फ्रेंड्स कोल्ट्स दूसरे स्थान पर है।
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर 18 से 22 अक्टूबर तक प्रतियोगिता में अवकाश रहेगा। लीग का अगला मैच 23 अक्टूबर को फ्रेंड्स क्लब चाईबासा और मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।

