Breaking
Sat. May 2nd, 2026

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता: संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल और शारदा उच्च विद्यालय क्वार्टर फाइनल में

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन के प्रायोजन में आयोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत खेले गए मैचों में संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल, चाईबासा और शारदा उच्च विद्यालय, बड़ा बैदी ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया की टीम हार के बावजूद अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई, जबकि संत विवेका इंग्लिश स्कूल प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में सुबह खेले गए पहले मैच में संत विवेका इंग्लिश स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 137 रन बनाए। नवनीत शर्मा ने 33, देवेंद्र शंकर ने 29, अंकित कुमार पासवान ने नाबाद 24, अर्पण मुकुट बालमुचू ने नाबाद 21 और चंदन प्रसाद ने 10 रन बनाए। संत जेवियर्स की ओर से आदित्य राज ने 2 और गगन विक्रांत टोपनो ने 1 विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल ने 17 ओवर में 7 विकेट खोकर 138 रन बनाकर मैच जीत लिया।

कप्तान गगन विक्रांत टोपनो ने 36, अर्नव साव ने 28, आयुष राणा ने 11 और अविरल ने नाबाद 10 रन बनाए। संत विवेका की ओर से अभिजित बेहरा, अंकित कुमार पासवान और अर्पण मुकुट बालमुचू ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अनमोल साव को एक विकेट मिला। गगन विक्रांत टोपनो को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दूसरा मैच दोपहर में शारदा उच्च विद्यालय, बड़ा बैदी और मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शारदा उच्च विद्यालय की टीम 13 ओवर में 82 रन पर ऑल आउट हो गई। शिवम प्रधान ने 22, प्रिंस राज महतो ने 16 और चंदन मुर्मु ने 10 रन बनाए। मधुसूदन महतो की ओर से वरुण दास, राजवीर सिंह मुंडा और मो. अली अकमल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मनीष यादव, मानव देहुरी और साहिल महतो को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय की टीम 13 ओवर में 69 रन पर सिमट गई और 13 रन से मैच हार गई। वरुण दास ने 12 रन बनाए। शारदा उच्च विद्यालय की ओर से प्रिंस राज महतो ने 3, सागर ने 2, जबकि कमलेश्वर महतो, मोहित कुमार और राकेश प्रधान ने एक-एक विकेट लिया। दो बल्लेबाज रन आउट हुए। प्रिंस राज महतो को मैन ऑफ द मैच दिया गया।

प्रतियोगिता में रविवार को भी दो लीग मैच खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 7 बजे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चक्रधरपुर और डीपीएस पब्लिक स्कूल, चाईबासा के बीच होगा। दूसरा मैच दोपहर 2 बजे संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय, चाईबासा और सीतानाथ महतो विद्या मंदिर, सोनुवा के बीच खेला जाएगा।

Related Post