जमशेदपुर.दीपावली के अवसर पर सामाजिक संस्था रिफलेक्शन होप फाउंडेशन की ओर से जुगसलाई स्थित बलदेव बस्ती में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बस्ती के जरूरतमंद परिवारों के बीच लड्डू और कंबल का वितरण किया. साथ ही लोगों के साथ दीपावली की खुशियां बांटते हुए उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
संस्था की इस पहल से बस्ती के सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली. संस्था की संस्थापक आशा सिंह ने कहा कि दीपावली सिर्फ अपने घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला लाने का अवसर है. जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटना ही इस त्योहार की सच्ची खुशी है.
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी पूरे उत्साह के साथ दीपावली मना सकें.
इस अवसर पर आशा सिंह, शिवानी ओझा, शिल्पी दास, रीता मुखी, मुस्कान गोराई, सुबोध गोराई सहित अन्य लोग मौजूद थे.

