बोकारो:- बेरमो थाना क्षेत्र के 05 नंबर धौड़ा में पड़ोसियों के बीच हुआ एक मामूली विवाद खू*नी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। घटना 29 मई की रात करीब 9 बजे की है। मृतका अनिता देवी अपने घर के समीप पड़ोसियों के साथ हुए विवाद के दौरान मारपीट की शिकार हो गईं।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल अनिता देवी को परिजन तत्काल ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना के बाद मृतका के पति महेश भुईयाँ की शिकायत पर बेरमो थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की और त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बबलु कुमार, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ और राजेश कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

