जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत पुलिस ने बिष्टुपुर और ओलिडीह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में टाटा स्टील कंपनी से तांबा चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी किया गया तांबा भी बरामद किया गया है। वहीं, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ही चोरी से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया।
इधर, ओलिडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चाकू का भय दिखाकर रुपये लूटने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ लूट की घटना में संलिप्तता का मामला दर्ज था। इसके अलावा ओलिडीह थाना क्षेत्र से ही एक अन्य आरोपी को न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत पुलिस की ओर से आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों, चोरी-लूट की घटनाओं और न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

