Breaking
Fri. May 29th, 2026

चार महीने से राशन नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा, कार्डधारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत के दर्जनों राशन कार्डधारियों ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कोवाली पंचायत के पीडीएस दुकानदार ललिता खंडापात्तर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनका लाइसेंस रद्द करने और पिछले चार माह से लंबित राशन का तत्काल वितरण कराने की मांग की। इस दौरान कार्डधारियों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा।

प्रदर्शन में शामिल राशन कार्डधारियों का आरोप था कि कोवाली पंचायत स्थित पीडीएस दुकान में लगभग 640 राशन कार्ड जुड़े हुए हैं, लेकिन पिछले चार महीनों से लाभुकों को नियमित राशन नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार दुकान जाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया जाता और हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

राशन कार्डधारी सोने का मांझी ने बताया कि कई परिवार पूरी तरह सरकारी राशन पर निर्भर हैं, लेकिन लगातार चार महीने से अनाज नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानदार की लापरवाही और मनमानी से सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके कारण मजबूर होकर उन्हें उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ललिता खंडापात्तर का पीडीएस लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए और किसी जिम्मेदार व्यक्ति को दुकान संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि कार्डधारियों को समय पर राशन मिल सके। साथ ही चार महीने का बकाया राशन अभिलंब वितरण कराने की भी मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सभी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।

Related Post