Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

परसुडीह में ऑटो चालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद की आशंका

जमशेदपुर।परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित मखदुमपुर रोड नंबर-1 लाइन किनारे गुरुवार देर रात एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है। वह मोहम्मद करीम का पुत्र था और पेशे से ऑटो चालक था।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद जहीर अपने दादा-दादी के घर में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। मेहनत-मजदूरी और ऑटो चलाकर वह परिवार का भरण-पोषण करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। उसकी पत्नी मूल रूप से चाईबासा की रहने वाली बताई जा रही है।

बताया जाता है कि गुरुवार रात काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद जब दरवाजा खोला गया तो मोहम्मद जहीर का शव फंदे से लटका मिला। घटना देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Post