Breaking
Sat. May 2nd, 2026

अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, चक्रधरपुर पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा**  

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना 1 मई 2026 की बताई जा रही है, जब ग्राम चाकोमटोंनांग बुरूटोला निवासी बिरसा कोंद उर्फ जोटो ने अपनी पत्नी अंजला बैसा (लगभग 25 वर्ष) पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अंजला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही टेबो थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते यह वारदात हुई।

मामले में सलमी कन्डुलना (45 वर्ष), निवासी जोमताई, थाना सोनुआ के फर्द बयान के आधार पर टेबो थाना कांड संख्या 06/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्ताफा हाशमी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बिरसा कोंद उर्फ जोटो (30 वर्ष) को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

इस कार्रवाई में टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी, पु.अ.नि. दुबराज हेम्बरम सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

Related Post