Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

निक्को जुबली पार्क कर्मचारियों को करीब 31,500 रुपये बोनस, प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता

जमशेदपुर। निक्को जुबली पार्क के कर्मचारियों के लिए गुरुवार को वर्ष 2025-26 के बोनस समझौते पर प्रबंधन और निक्को जुबली पार्क वर्कर्स यूनियन के बीच सहमति बनी। समझौते के तहत पार्क के सभी कर्मचारियों को करीब 31,500 रुपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे। बोनस समझौते के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

समझौते पर प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर इंचार्ज (कोलकाता) राहुल मित्रा, डायरेक्टर सुब्रा दास मुखर्जी और असिस्टेंट मैनेजर इंचार्ज अंकित भारद्वाज ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, सह अध्यक्ष बीके डिंडा, उपाध्यक्ष ददन सिंह, महासचिव परवीन पातर तथा कमेटी मेंबर केएस सैंडल, पुरंदर मोहंती और संतोष जैन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि निक्को जुबली पार्क जमशेदपुर और आसपास के लोगों, कर्मचारियों के परिवारों तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र है। टाटा स्टील के उच्च प्रबंधन के संरक्षण में संचालित इस पार्क के विकास की अभी और संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रबंधन से पार्क के भविष्य के विकास और नई सुविधाओं को लेकर जानकारी मांगी।

डायरेक्टर इंचार्ज राहुल मित्रा ने बताया कि पार्क में इस वर्ष चीन से दो नए मनोरंजन कार्यक्रम या इवेंट लाने की तैयारी है। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से बच्चों के साथ-साथ अन्य आयु वर्ग के लोगों को भी मनोरंजन के बेहतर विकल्प मिलेंगे।

बोनस समझौते के लिए राकेश्वर पांडे ने प्रबंधन का आभार जताया। कर्मचारियों ने भी बोनस समझौते पर खुशी जाहिर करते हुए यूनियन अध्यक्ष का स्वागत किया। पांडे ने उम्मीद जताई कि पार्क के विकास के साथ कर्मचारियों के हितों और सुविधाओं में भी लगातार वृद्धि होगी तथा जमशेदपुर और आसपास के लोगों को मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं मिलती रहेंगी।

Related Post