Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

जलियांवाला बाग एक्सप्रेस रद्द होने पर सिख समुदाय में आक्रोश, बहाली के लिए रेलवे बोर्ड को भेजी अनुशंसा

जमशेदपुर: कोहरे के कारण 18103-18104 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को 24 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द किए जाने के फैसले को लेकर सिख समुदाय में नाराजगी है। ट्रेन का परिचालन बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण भूरिया को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रेन रद होने से पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस दौरान डीआरएम तरुण भूरिया पहली बार किसी धार्मिक संगठन के कार्यालय पहुंचे और प्रतिनिधिमंडल के साथ ट्रेन परिचालन से जुड़े मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों से कोहरे के नाम पर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद किया जा रहा है। इससे यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ता है और उनकी परेशानी बढ़ जाती है।

भगवान सिंह ने कहा कि यदि ट्रेन रद्द करने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो समुदाय आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक तक आंदोलन किया जाएगा और रेल चक्का जाम की स्थिति भी बन सकती है।

घने कोहरे में परिचालन से बढ़ता है रेलवे नेटवर्क पर दबाव : डीआरएम

डीआरएम तरुण भूरिया ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि रेल चक्का जाम जैसी स्थिति नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घने कोहरे के दौरान ट्रेनों का निर्धारित गति से परिचालन संभव नहीं होता। 130 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित गति वाली ट्रेन कई बार खराब दृश्यता के कारण 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। इससे ट्रेनों की समय-सारणी प्रभावित होती है और पूरे रेल नेटवर्क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चक्रधरपुर मंडल से जुड़ा मामला नहीं है। उत्तर रेलवे की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को भी कोहरे के दौरान परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण रद्द किया जाता है। जलियांवाला बाग एक्सप्रेस गया, वाराणसी, आगरा और दिल्ली होते हुए वैष्णो देवी क्षेत्र तक जाती है। ऐसे में रेलवे की कोशिश रहेगी कि इस ट्रेन का परिचालन रद्द न हो।

रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है बहाली की अनुशंसा

डीआरएम ने बताया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बहाल करने के संबंध में रेलवे बोर्ड को पहले ही अनुशंसा भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक बार फिर प्रयास किया जाएगा, ताकि ट्रेन को रिस्टोर किया जा सके। उन्होंने सिख समुदाय के प्रतिनिधियों को सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।

डीआरएम के सेंट्रल गुरुद्वारा कार्यालय पहुंचने से पहले उन्होंने साकची गुरुद्वारा में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने सिख समुदाय के सदस्यों की समस्याएं भी सुनीं। मौके पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह, महासचिव गुरुचरण सिंह बिल्ला समेत स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं मौजूद थीं।

Related Post