Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

मुसीबत में बस 112 डायल करें, औसतन 8 मिनट 42 सेकेंड में मौके पर पहुंच रही जमशेदपुर पुलिस

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में आपात स्थिति में लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए डायल 112 सेवा को और प्रभावी बनाया गया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में पुलिस इस सेवा के रिस्पॉन्स टाइम को कम करने और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष ध्यान दे रही है।

पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी अगस्त महीने के आंकड़ों के अनुसार डायल 112 पर कुल 1746 शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस ने इन सभी शिकायतों का निपटारा किया। शिकायत मिलने से लेकर पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुंचने तक का औसत रिस्पॉन्स टाइम 8 मिनट 42 सेकेंड रहा।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने 17 एफआईआर दर्ज कीं, जबकि दो यूडी कांड भी दर्ज किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये आंकड़े आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाते हैं।

डायल 112 के जरिए नागरिक सड़क दुर्घटना, आपराधिक घटनाओं, घरेलू विवाद, महिलाओं से संबंधित शिकायतों समेत किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता मांग सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया जाता है।

पुलिस का उद्देश्य केवल कॉल रिसीव करना नहीं, बल्कि सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल पर पहुंचने, आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायत के निपटारे तक पूरी प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाना है। इसके लिए रिस्पॉन्स टाइम की लगातार समीक्षा और निगरानी की जा रही है।

जमशेदपुर पुलिस आने वाले दिनों में डायल 112 सेवा के रिस्पॉन्स टाइम को और कम करने तथा आपातकालीन पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल 112 नंबर पर सूचना दें।

Related Post