Breaking
Wed. Nov 4th, 2026

*सदर अस्पताल में दो जटिल सर्जरी सफल, महिला के शरीर से निकाला 7.5 किलो का ओवेरियन ट्यूमर*

चाईबासा: सदर अस्पताल, चाईबासा के अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में चिकित्सकों की टीम ने दो जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कीं। इनमें एक महिला के शरीर से करीब 7.5 किलोग्राम वजन का विशाल ओवेरियन ट्यूमर निकाला गया। वहीं, दूसरे मरीज का पित्ताशय की पथरी की समस्या को लेकर ऑपरेशन किया गया।

पहली सर्जरी में महिला मरीज के शरीर से लगभग 7.5 किलोग्राम का ओवेरियन ट्यूमर निकाला गया। यह एक जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन था। दूसरी सर्जरी में एक मरीज का ओपन कोलेसिस्टेक्टॉमी किया गया, जिसमें पित्ताशय को शल्य चिकित्सा के माध्यम से निकाला गया। मरीज को पित्ताशय की पथरी से संबंधित परेशानी थी।

दोनों सर्जरी में सर्जन डॉ. प्रदीप्तो कुमार माझी और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर की नर्सिंग टीम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सहयोग किया।

सदर अस्पताल के मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में इस तरह की जटिल सर्जरी का सफल होना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पता चलता है कि सदर अस्पताल में अब विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाओं के माध्यम से गंभीर और जटिल बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर भी संभव हो रहा है।

इस सुविधा से पश्चिमी सिंहभूम जिले के मरीजों को जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। सदर अस्पताल प्रशासन ने दोनों सर्जरी सफलतापूर्वक करने वाली चिकित्सकीय टीम, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

Related Post