चाईबासा: मझगांव विधानसभा क्षेत्र के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत बीआरसी बिंगबुरु रुतासाई मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह बुधवार को संपन्न हुआ। समारोह में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा खेल के प्रति काफी उत्साहित हैं और उनमें आगे बढ़ने की क्षमता भी है। जरूरत है कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उचित अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद और झारखंड सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों के खेल विकास की दिशा में आगे आना चाहिए। गांवों में खेल के लिए बेहतर मैदान, स्टेडियम और प्रशिक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्रामीण खिलाड़ियों को उचित मंच मिलने से वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे और राज्य के साथ-साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
गागराई ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण क्षेत्रों में काफी लोकप्रिय हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया।
समापन समारोह में भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जोगेश सवैयां, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण नाग, मनमोहन पुरती, अध्यक्ष अविनाश सवैयां, उपाध्यक्ष सिकेन सवैयां, सचिव भगवान सवैयां, कोषाध्यक्ष मेघनाथ गोप, ग्रामीण मुंडा दुंमबी सवैयां, मानकी विश्वनाथ सवैयां सहित आयोजन समिति के सदस्य, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। समारोह में खिलाड़ियों और ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल रहा।

