जमशेदपुर। पश्चिम बंगाल में ट्रेनों के जरिए अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ ने चाकुलिया स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ की टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ स्टेशन परिसर में छापेमारी कर करीब 400 लीटर महुआ शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चाकुलिया के बागडुबा गांव निवासी शास्त्री हेंब्रम के रूप में हुई है।
आरपीएफ के अनुसार, चाकुलिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के आसपास बड़ी मात्रा में महुआ शराब से भरी बोतलों को प्लास्टिक के थैलों और बोरियों में छिपाकर रखा गया था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की और शराब को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को लोकल ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम ले जाने की तैयारी थी।
घाटशिला आरपीएफ के पदाधिकारी विजय कश्यप ने बताया कि शराब जब्ती की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी रिपोर्ट पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया जा रहा है कि चाकुलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में संचालित अवैध शराब की भट्ठियों से महुआ शराब तैयार कर उसे ट्रेनों के माध्यम से पश्चिम बंगाल भेजने का धंधा लंबे समय से चल रहा है। तस्कर शराब की बोतलों को बोरियों और बड़े थैलों में भरकर स्टेशन तक लाते हैं और कई बार प्लेटफॉर्म के आसपास झाड़ियों में छिपा देते हैं। इसके बाद मौका देखकर लोकल ट्रेन से शराब को बंगाल ले जाया जाता है। इस धंधे में महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आती रही है।
आरपीएफ की ओर से चाकुलिया स्टेशन पर पहले भी कई बार अवैध शराब बरामद की जा चुकी है। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक तस्करी रुक जाती है, लेकिन बाद में फिर से शुरू हो जाती है। ताजा कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने अवैध शराब की तस्करी के नेटवर्क पर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं।

