जमशेदपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने टाटा-एर्नाकुलम-टाटा एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर (MOU) स्टेशन पर अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
शुक्रवार को रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18189 टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव 5 सितंबर 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन मनोहरपुर स्टेशन पर सुबह 6 बजकर 59 मिनट पर पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद सुबह 7 बजे रवाना होगी। टाटानगर से मनोहरपुर की दूरी 123.48 किलोमीटर है।
वहीं, ट्रेन संख्या 18190 एर्नाकुलम-टाटा एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 7 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। यह ट्रेन मनोहरपुर स्टेशन पर रात 1 बजकर 54 मिनट पर पहुंचेगी और एक मिनट रुकने के बाद रात 1 बजकर 55 मिनट पर टाटानगर के लिए रवाना होगी।
रेलवे की ओर से यह निर्णय यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लिया गया है। मनोहरपुर स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ट्रेन के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को टाटानगर, एर्नाकुलम और मार्ग के अन्य प्रमुख स्टेशनों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी।

