Breaking
Wed. Nov 4th, 2026

*पश्चिमी सिंहभूम में 135 नवचयनित अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री दीपक बिरुवा और विधायक सुखराम उरांव ने दी बधाई*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विभागों और श्रेणियों के कुल 135 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

नियुक्ति पत्र पाने वालों में अनुकंपा के आधार पर चयनित 7 लिपिक और 6 अनुसेवी, कुल 13 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा 98 मुंडा, 5 मानकी, 11 ग्राम रोजगार सेवक, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के 5 अनुशिक्षक तथा समाज कल्याण विभाग की एक सेविका और एक सहायिका को नियुक्ति पत्र दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नियुक्ति केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज, गांव और राज्य की सेवा करने का अवसर है। मुंडा और मानकी पारंपरिक ग्राम व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वहीं ग्राम रोजगार सेवकों की जिम्मेदारी ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर लागू करने की है। सभी कर्मी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने से उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और जिले की प्रशासनिक एवं ग्रामीण व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। सभी नवनियुक्त कर्मी नौकरी को जनसेवा का माध्यम समझकर काम करें।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार और अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इस मौके पर समाज कल्याण विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को सामग्री दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने जांच शिविर लगाया। वहीं अतिथियों ने पलाश मार्ट का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा, शहीद पोटो हो, दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रुपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

Related Post