जमशेदपुर: बिष्टुपुर के जे रोड स्थित होटल मिडटाउन ने नए स्वरूप और आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर में अपनी वापसी की घोषणा की है। होटल प्रबंधन ने प्रेस वार्ता के दौरान होटल की सुविधाओं, रेस्टोरेंट और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान फ्रंट डेस्क मैनेजर विवेक शर्मा, संचालन एवं वित्त प्रबंधक ब्रैडली रीड और सुशील महतो मौजूद रहे।
होटल प्रबंधन के अनुसार मिडटाउन जमशेदपुर के लिए कोई नया नाम नहीं है। वर्ष 1991 से होटल की शहर में पहचान रही है। प्रबंधन ने इसे नई शुरुआत के बजाय एक मजबूत वापसी के तौर पर पेश किया है। होटल का फोकस छोटे शहर में महानगरों के लक्जरी होटलों जैसी सुविधाएं अपेक्षाकृत किफायती दरों पर उपलब्ध कराने पर है।
प्रबंधन का कहना है कि भारतीय मेहमानों के लिए कीमत के साथ गुणवत्ता और बेहतर अनुभव भी महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए होटल में ठहरने वाले मेहमानों के लिए आराम, सुविधा और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
21 आधुनिक कमरे, तीन लाउंज की सुविधा
होटल मिडटाउन में फिलहाल 21 आधुनिक कमरे हैं। इन्हें बिजनेस ट्रैवलर्स, कॉरपोरेट मेहमानों, पर्यटकों और परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके अलावा होटल में तीन अलग-अलग लाउंज भी हैं, जहां किटी पार्टी, जन्मदिन, पारिवारिक समारोह और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
‘पिंडोरा’ रेस्टोरेंट में पंजाबी स्वाद पर ज़ोर
होटल परिसर में ‘पिंडोरा’ नाम से रेस्टोरेंट भी शुरू किया गया है। प्रबंधन के अनुसार ‘पिंड’ का अर्थ गांव होता है और इसी अवधारणा से प्रेरित होकर रेस्टोरेंट को अपनापन और सामुदायिक माहौल देने की कोशिश की गई है।
पिंडोरा में परिवारों और अलग-अलग समुदायों के लोगों के साथ बैठकर भोजन और मनोरंजन का अनुभव लेने पर जोर दिया गया है। रेस्टोरेंट के मेन्यू में खास पंजाबी व्यंजनों को भी शामिल किया गया है।
प्रबंधन के मुताबिक व्यंजनों के स्वाद के साथ ताजगी और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है। पारंपरिक पकवान तैयार करने में सामग्री के चयन से लेकर खाना पकाने की प्रक्रिया तक स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया है।
गिफ्ट गैलरी में मिलेंगी सजावटी और उपहार सामग्री
होटल में एक गिफ्ट गैलरी भी शुरू की गई है। यहां आधुनिक सजावटी सामान, कैंडल स्टैंड, ट्रे, उपहार सामग्री, स्मृति चिन्ह और अन्य आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध होंगी।
होटल प्रबंधन के अनुसार महानगरों के लक्जरी होटलों में मिलने वाली सुविधाओं और अनुभवों को जमशेदपुर के लोगों के लिए उपलब्ध कराना होटल की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। नए स्वरूप के साथ होटल मिडटाउन का लक्ष्य शहर में ठहरने, भोजन और सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प के तौर पर अपनी पहचान को फिर मजबूत करना है।

