बोकारो। सीसीएल के कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। कोलियरी के स्टॉक यार्ड में जमा कोयले का बड़ा ढेर अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में आकर तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब दो से ढाई बजे के बीच हुई। आसपास के ग्रामीण घरेलू जरूरत और जलावन के लिए कोयला चुनने कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान वहां जमा कोयले का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। देखते ही देखते वहां मौजूद सात लोग कोयले के भारी मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, पति गल्लू यादव, कौशल्या देवी, पति विश्वनाथ और हीरालाल की पत्नी के रूप में की गई है।
हादसे में घायल चार लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।
बताया गया कि हादसे का शिकार हुए सभी सात लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं थे, बल्कि आसपास के ग्रामीण थे। वे घरेलू उपयोग के लिए कोयला एकत्र करने के उद्देश्य से स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस और सीसीएल प्रबंधन ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

