कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने बैंक आफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा में लूट की योजना बना रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीते रात तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती से झरनाकुंड जाने वाले रास्ते में सुनसान इलाके में पकड़े गए चारों बदमाश बैंक लूटने की योजना बना रहे थे । जिसकी गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। बहरहाल एसपी के द्वारा गठित पुलिस टीम उस क्षेत्र में धावा बोला तो पुलिस को देख चारों अपराधी सक्रिय हो गए । और लूट की घटना में इस्तेमाल करने वाले पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस मुठभेड़ के जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को पैर में गोली मार कर घायल कर दिया। बाकी तीन बदमाशों को तीन पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और पांच मैगजीन के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इस घटना में तिलैया थाना प्रभारी समेत कुछ पुलिस कर्मियों को मामूली चोट भी आई। मामले की जानकारी देते हुए एसपी कुमार शिवशिष ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों के मोबाइल से बैंक आफ महाराष्ट्र की कोडरमा शाखा की रेकी किए जाने के कई वीडियो भी मिले हैं । जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि पकड़े गए अपराधी उक्त बैंक में लूट और डकैती की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी अपराधी बिहार के सिवान और वैशाली जिले के रहने वाले हैं और इन्हें वर्धमान जेल में बंद एक कुख्यात अपराधी निरंतर सिंह निर्देशित कर रहा था। उन्होंने बताया कि निरंतर सिंह को भी रिमांड पर कोडरमा लाने का पुलिस प्रयास करेगी। एसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी अपराधियों पर आर्म्स एक्ट और बैंक लूट के मामले पूर्व से दर्ज है।
बैंक लूट की योजना बना रहे 4 अपराधी गिरफ्तार

