गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में दुर्गापूजा की तैयारियों के बीच हुए दर्दनाक हादसे में चाची और उनकी पांच वर्षीय भतीजी की जान चली गई। धनवार प्रखंड की जरीसिंगा पंचायत अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार शाम घर में प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में कविता देवी और उनकी मासूम भतीजी शीतल कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी अपने घर में दुर्गापूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर से आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों के साथ आसपास के लोग भी घबरा गए। आग पर काबू पाने और स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से जा टकराया और इसकी चपेट में आने से कविता देवी तथा उनकी पांच वर्षीय भतीजी शीतल कुमारी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं।
इस हादसे में शीतल कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए धनवार रेफरल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। एक ही घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। जिस घर में दुर्गापूजा को लेकर प्रसाद बनाने और त्योहार की तैयारियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। चाची और मासूम भतीजी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

