Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

बोड़ाम में बाइक दुर्घटना में 34 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में शनिवार शाम सड़क दुर्घटना में 34 वर्षीय तरणी कर्मकार की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बोड़ाम-माधवपुर मुख्य सड़क पर दुबराजपुर गांव के समीप शाम करीब पांच बजे हुआ। मृतक पलाशडीह का निवासी था और पेशे से चालक था।

मिली जानकारी के अनुसार, तरणी कर्मकार अपने एक साथी के साथ बाइक से वनडीह से दुबराजपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दुबराजपुर गांव के पास सड़क के मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तरणी कर्मकार के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी बाइक से उछलकर पास के धान के खेत में जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बोड़ाम पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक तथा मृतक के शव को एमजीएम अस्पताल भेजा। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।

तरणी कर्मकार की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया था। रविवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Post