Breaking
Mon. Oct 19th, 2026

पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस में दो जिलाध्यक्षों की होगी व्यवस्था, नगर और ग्रामीण कमेटियों के गठन को मंजूरी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी को नगर और ग्रामीण दो अलग-अलग इकाइयों में विभाजित करने की मंजूरी मिलने के बाद संगठनात्मक पुनर्गठन का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, नगर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष पद पर किसे जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है। वर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने इस फैसले के लिए पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

परविंदर सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रभारी के. राजू, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल को धन्यवाद देते हुए कहा कि पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस को दो इकाइयों में बांटने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) से मंजूरी मिलने के बाद अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को अलग-अलग रणनीति के तहत मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के शहरी इलाकों और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं अलग-अलग हैं। ऐसे में नगर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटियों के गठन से कार्यकर्ताओं को स्थानीय मुद्दों पर काम करने तथा नए नेतृत्व को आगे आने का अवसर मिलेगा। ग्रामीण इकाई पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ रोजगार, विकास योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाएगी।

वहीं, नगर कांग्रेस कमेटी जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को गति देगी। मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के वार्डों में पेयजल, सड़क, बिजली और साफ-सफाई जैसी समस्याओं को लेकर आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया जाएगा।

परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के चयन में प्रदेश नेतृत्व के फैसले का सम्मान किया जाएगा। दोनों इकाइयों के अध्यक्षों के नाम घोषित होने के बाद संगठन की नई व्यवस्था पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post