आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में दुर्गा पूजा के दौरान लगे मेले में रविवार की देर रात बिजली झूले से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मानगो से मेला घूमने आईं रानी महाकुड़ के साथ हुई इस घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, हादसे में उनकी कॉलर बोन टूट गई है और इलाज पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की आशंका है।
परिजनों के मुताबिक, घटना रात करीब 12 बजे की है। रानी महाकुड़ बिजली झूले से उतर रही थीं। इसी दौरान आरोप है कि झूला संचालक ने उनकी स्थिति पर ध्यान दिए बिना झूले को आगे बढ़ा दिया। इसके कारण वह करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गईं। हादसे में झूले का एक कर्मचारी भी घायल बताया जा रहा है।
घटना के बाद मेला परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद झूला संचालक और उसके कुछ कर्मचारी मौके से चले गए। इस दौरान झूले में कुछ लोग फंसे रह गए, जिन्हें बाद में धीरे-धीरे नीचे उतारा गया।
इस घटना ने मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन में बरती जा रही सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि झूले के संचालन में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने घायल महिला के इलाज का खर्च झूला संचालक से दिलाने की मांग की है।
परिजनों ने सोमवार को मेला संचालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, घटना को लेकर अब तक झूला संचालक और मेला प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।

