चतरा: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मो. इमरोज की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कड़ा रुख अपनाया है। घटना को गंभीर मानते हुए उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में टंडवा थाना के दो सब-इंस्पेक्टर और दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह, महिला सब-इंस्पेक्टर दुलारी पूर्ति, आरक्षी दशरथ महतो और आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल हैं। एसपी के आदेश के बाद चारों को चतरा पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भी आदेश जारी किया गया है।
इधर, मॉब लिंचिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। मामले में अब तक 11 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

