बोकारो: संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी जेल भरो आंदोलन के समर्थन में मोर्चा के घटक दलों के नेताओं ने शुक्रवार को बिरसा आश्रम, बोकारो में प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राज्य सचिव कुमुद महतो, झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन के डीसी गोहाई, ऐक्टू के देवदीप सिंह दिवाकर व दिलीप ओझा, एआईटीसीयू के बीडी प्रसाद, एटक के रामाश्रेय प्रसाद सिंह, एआईयूटीसी के मोहन चौधरी व आर.एस. शर्मा, महिला क्रांतिकारी संगठन की प्रतिमा देवी व लक्ष्मी देवी, ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन की नुनीबाला उरांव, किसान सभा के सकुर अंसारी व विश्वनाथ बनर्जी, झारखंड ग्रामीण किसान मजदूर सभा के राजू महतो तथा संयुक्त किसान मोर्चा के जगन्नाथ रजवार मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता, सभी फसलों पर C2+50 प्रतिशत के आधार पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्ज माफी, बीज विधेयक-2025 की वापसी, चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, प्रीपेड स्मार्ट मीटर एवं बिजली के निजीकरण पर रोक तथा विकसित भारत शिक्षा अभियान विधेयक-2025 वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने देशव्यापी जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत 10 अगस्त को संयुक्त किसान मोर्चा की बोकारो जिला कमेटी चास-बोकारो मुख्य मार्ग स्थित गरगा पुल को अवरुद्ध करेगी और इसके बाद कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे। नेताओं ने कहा कि आंदोलन की सभी औपचारिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

