चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अर्जुन तांती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 8,284 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने करीब एक मीटर छींटदार कपड़ा और एक लोहे का छड़ भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को पोर्टर खोली निवासी अतवारु यादव के लिखित आवेदन पर चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 110/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि रेलवे स्टेशन के समीप स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर अज्ञात चोर रुपये लेकर फरार हो गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/334(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के निर्देशन में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 7 अक्टूबर को टोकलो रोड स्थित कुली मोहल्ले में छापेमारी की। यहां किराये के मकान में रह रहे अर्जुन तांती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 8,284 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि चोरी की रकम में से 5,000 रुपये आरोपी खर्च कर चुका है। गिरफ्तार अर्जुन तांती के पिता का नाम प्रकाश तांती है और वह मूल रूप से छोटाकुड़ना, थाना मनोहरपुर, पश्चिमी सिंहभूम का रहने वाला है। वर्तमान में वह चक्रधरपुर के टोकलो रोड स्थित कुली मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहा था।
कार्रवाई में चक्रधरपुर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार समेत थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

